नौकरशाही वाले नियमों का एक सेट है VB-G RAM G बिल’, मनरेगा का नाम बदलने पर सोनिया गांधी का हमला
मनरेगा का नाम बदलकर VB-G RAM G बिल किए जाने के बाद देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोनिया गांधी का कहना है कि यह नया कानून ग्रामीण गरीबों के काम के संवैधानिक अधिकार को कमजोर करता है और मजदूरों की सौदेबाजी की ताकत छीनने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना संसद में व्यापक चर्चा और राज्यों से सलाह लिए, दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना को खत्म कर दिया गया। सोनिया गांधी ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं थी, बल्कि यह गरीब और भूमिहीन मजदूरों के लिए सुरक्षा कवच थी, जिसने उन्हें सम्मान के साथ काम करने का अधिकार दिया।कांग्रेस नेता के मुताबिक, नया कानून सिर्फ कागजी नियमों का एक सेट बनकर रह गया है, जिसमें न तो ग्राम सभा की भूमिका बची है और न ही विकेंद्रीकरण की भावना। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार 100 से 125 दिन काम बढ़ाने का दावा कर रही है, लेकिन असल में राज्यों पर खर्च का बोझ डालकर इस योजना को कमजोर किया जा रहा है।




