MP के अधिकारियों का अनोखा रिकॉर्ड ! जागरूक करने गए थे, 1 घंटे में सफाचट कर गए 13 किलो ड्राई फ्रूट
ऑयल पेंट घोटाले के बाद मध्यप्रदेश से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया. छत्तीसगढ की सीमा से लगे शहडोल के गोहपारू ब्लॉक अंतर्गत भदवाही ग्राम पंचायत में जिला स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान का कार्यक्रम रखा गया। इस आयोजन में कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम, जनपद सीईओ समेत अन्य आला अफसर एक घंटे के लिए शामिल हुए। इन अफसरों ने एक घंटे के कार्यक्रम में 13 किलो ड्राई फ्रूट्स हजम कर दिया। इसके अलावा 6 लीटर दूध में 5 किलो शक्कर मिलाकर उसकी चाय भी पी गए। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत भदवाही की तरफ से किया गया था, इस कारण मेजबानी कर रही ग्राम पंचायत में अफसरों को खिलाए 13 किलो ड्राई फ्रूट्स का बिल भुगतान भी करवा किया।ग्राम पंचायत भदवाही में जल चौपाल के दौरान खिचड़ा बना था, यह जनपद के ही जल चौपाल में शामिल जिम्मेदारों द्वारा बताया गया, लेकिन पंचायत सचिव द्वारा जल चौपाल के नाम पर लगाये गय े काजू-बादाम और घी के नाम पर निकाली गई राशि अब प्रशासन के गले की फांस बन चुकी है, पंचायत को जिले के अधिकारियों की सेवा के लिए यह राशि खर्च करने की अनुमति किन नियमों के तहत दी गई, यह चर्चाओं में है और अन्य पंचायतों से जल चौपाल के नाम पर अगर अधिकारियों ने इसी हिसाब से किराना सामान खरीदी करवाई है तो, इससे साफ जाहिर होता है कि जल संरचनाओं की सफाई हो न हो, पंचायत के खजाने की सफाई जमकर चल रही है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आहवान पर जिले में भी गांव-गांव में जल गंगा संवर्धन अभियान समाज एवं सरकार के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जहां पुरानी जल संरचनाओं कुआं, तालाब, बावडिय़ों, जल स्त्रोतों, गांव में बहने वाली नदियों एवं नालों की साफ-सफाई का कार्य किया गया है। हाल ही सीएम डॉक्टर मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभियान से जुड़ी प्रगति की भी जानकारी दी थी।




