मुंबई, कोलकाता, चेन्नई जैसे 15 शहरों के मुकाबले दिल्ली में कम महंगाई
एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में पिछले वर्ष महंगाई दर राष्ट्रीय औसत और अन्य महानगरों की तुलना में काफी कम रही। यह कमी खास तौर पर ईंधन एवं प्रकाश श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि खाद्य एवं पेय पदार्थ तथा आवास क्षेत्रों में महंगाई में वृद्धि देखने को मिली। यह अध्ययन औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें दिल्ली के साथ देश के चौदह प्रमुख शहरों जैसे मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, इंदौर, फरीदाबाद, गाजियाबाद, भोपाल, वाराणसी, अमृतसर, चंडीगढ़ और लखनऊ की तुलना शामिल है. कैलेंडर वर्ष 2024 में भी दिल्ली चुने गए 15 शहरों में लगातार तीसरी बार उन शहरों में शामिल रही, जहां खुदरा महंगाई सबसे कम रही. इसके विपरीत, लखनऊ और चंडीगढ में इस अवधि में महंगाई का स्तर सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. रिपोर्ट यह भी दर्शाती है कि वर्ष 2020, 2021, 2023 और 2024 के दौरान दिल्ली में मुद्रास्फीति की दर हमेशा राष्ट्रीय औसत से कम रही, जो आर्थिक रूप से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.




