सेना को मिला आतंकियों का डाटा, जम्मू में 60 आतंकी सक्रिय, बॉर्डर पार 70 आतंकवादी घुसपैठ की फिराक में, एंटी टेरर ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की कमर तोड़ने और नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने के लिए भारतीय सेना ने एक के बाद एक बडे ऑपरेशन छेड रखे हैं. सेना सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जम्मू रीजन के छह जिलों- राजौरी, पुंछ, डोडा, किश्तवाड़, रियासी और उधमपुर में फिलहाल 50 से 60 आतंकी सक्रिय हैं. इनमें ज्यादातर आतंकी जैश-ए-मोहम्मद वाले आतंकवादी संगठनों से जुड़े हैं. सारे आतंकवादी छोटे-छोटे ग्रुपों में अलग-अलग इलाकों में एक्टिव देखे गए हैं. इन आतंकियों की धरपकड़ के लिए सेना द्वारा 70 सर्च आतंक विरोधी अभियान शुरू किए गए है. खासकर ऊंचाई वाले दुर्गम इलाकों में गतिविधियों को देखते हुए सेना ने वहां स्थायी पोस्टें बना ली हैं. हाल ही में उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में एक आतंकी को मार गिराया गया, जबकि डोडा के छात्रु में एक मुठभेड़ के बाद बड़ा तलाशी अभियान अब भी जारी है. सेना के इनपुट के मुताबिक, LoC के पार 70 से ज्यादा आतंकी लॉन्चपैड्स पर घुसपैठ की फिराक में बैठे हैं. लेकिन भारतीय सेना की मुस्तैदी और हाई अलर्ट के चलते उनकी सभी घुसपैठ की कोशिशें अब तक नाकाम रही हैं. अमरनाथ यात्रा को लेकर भी सेना ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं. राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर यात्रा रूट और आउटर रिंग तक सेना पूरी तरह अलर्ट पर है और किसी भी संदिग्ध हलचल पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




