अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को अमेरिका से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है. सीबीआई के मुताबिक अमन कुमार उर्फ अमन भैंसवाल नाम के वांछित भगोड़े को अमेरिका से प्रत्यर्पित किया गया और वह बुधवार, 7 जनवरी को भारत पहुंचा.अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचते ही हरियाणा पुलिस की एक टीम ने अमन कुमार को फौरम हिरासत में ले लिया. सीबीआई के अनुसार, अमन हत्या, दंगा और आपराधिक साजिश सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में हरियाणा पुलिस द्वारा वांछित है. उसे कुख्यात अपराधी और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुडे संगठित अपराध सिंडिकेट का प्रमुख सदस्य बताया गया है.




