पाकिस्तानी ड्रोन से गिराए गए हथियार बरामद, गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी आतंकी साजिश नाकाम
गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) से ठीक पहले जम्मू में संभावित हिंसा की आशंकाओं के बीच सुरक्षा बलों ने शनिवार (10 जनवरी) को बड़ी कार्रवाई की. जम्मू के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे एक फॉरवर्ड इलाके से हथियारों की खेप बरामद की गई है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हथियार पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए गिराए गए थे.सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मिली इस खेप में दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 जिंदा कारतूस और एक ग्रेनेड शामिल हैं. बताया जा रहा है कि यह बरामदगी गणतंत्र दिवस समारोहों को निशाना बनाने की किसी भी आतंकी साजिश को नाकाम करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के दौरान हुई है.




