आधी दुनिया को ले डूबेंगे… US से असीम मुनीर ने दी परमाणु युद्ध की गीदड़ भभकी, कहा- भारत ने बांध बनाया तो दाग देंगे 10 मिसाइल
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने गीदड़भभकी दी है कि ‘अगर भविष्य में भारत के साथ युद्ध में उनके देश के अस्तित्व को खतरा हुआ तो वो इस पूरे क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक देंगे।’ दिप्रिंट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि असीम मुनीर ने कहा कि “हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं और अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे।” असीम मुनीर की ये टिप्पणी काफी सनसनीखेज और असाधारण है, क्योंकि ऐसा पहली बार हुआ है कि अमेरिका की धरती से किसी तीसरे देश को परमाणु युद्ध की धमकी दी गई है। दिप्रिंट की रिपोर्ट में कहा गया है कि असीम मुनीर ने ये धमकी, टाम्पा स्थित ग्रैंड हयात होटल में पाकिस्तान मूल के कारोबारी अदनान असद की तरफ से रखे गये एक डिनर कार्यक्रम में दी है, जिसमें करीब 120 पाकिस्तानी डायस्पोरा के सदस्य मौजूद थे।




