एमपी के स्कूल में एलईडी पर चली पोर्न फिल्म
मध्य प्रदेश के राजगढ जिले के सुठालिया स्थित पीएमश्री स्कूल में कक्षा के दौरान एलईडी स्क्रीन पर अश्लील फिल्म चलने का मामला सामने आया है। घटना के समय कक्षा में लगभग 13 छात्र मौजूद थे। एक छात्र ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।स्कूल के वर्तमान प्राचार्य हेमंत यादव का कहना है कि यह घटना 6-8 माह पुरानी है, जब वे पद पर नहीं थे। उनके अनुसार, एक युवक ने इस वीडियो के जरिए 50,000 रुपये की मांग की थी और रकम न मिलने पर वीडियो वायरल कर दिया। जिला शिक्षाधिकारी करणसिंह भिलाला ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है, जिसमें तीन प्राचार्य शामिल हैं।घटना के बाद बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष साकेत शर्मा ने इसे गंभीर बताया और शिक्षा संस्थानों में ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों में मामले को लेकर आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।




