पीएम मोदी आज दिल्ली में 11 हजार करोड़ की दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लगभग 11 हजार करोड़ रुपए की दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना- शहरी विस्तार सड़क 2 (यूईआर-2) के दिल्ली खंड और द्वारका एक्सप्रेसवे – का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के रोहिणी में आयोजित होगा। इस दौरान वह एक जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शनिवार को घोषणा की कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी में एक समारोह में इन दो प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।पीएमओ ने कहा, “ये पहल प्रधानमंत्री मोदी के विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचे के निर्माण के दृष्टिकोण को दर्शाती है जो निर्वाध गतिशीलता सुनिश्चित करता है।”इन परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाना, यात्रा समय कम करना और राजधानी को भीड़भाड से राहत दिलाना है। इसके साथ ही यह प्रधानमंत्री मोदी के उस विजन को मूर्त रूप देंगे, जिसके तहत देश में विश्वस्तरीय अवसंरचना तैयार कर नागरिकों के जीवन को आसान बनाना और निर्बाध गतिशीलता सुनिश्चित करना है।




