बर्फ नहीं, अब मलबा बना संकट… रुद्रप्रयाग और चमोली में कुदरत का कहर, बादल फटा, पहाड़ दरके, अलकनंदा उफान पर
मौसम के करवट बदलते ही उत्तराखंड के कई इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है. पहाड़ी जिलों में तो कई जगहों पर भारी बारिश के बाद जन-जीवन भी अस्त-व्यस्त हो रखा है. रुद्रप्रयाग जिले में भी बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. भारी बारिश के कारण देर रात केदारघाटी में बादल फट गया. इससे तबाही मच गई. कई घर और वाहन भी मलबे में दब गए।
बता दें, रुद्रप्रयाग जिले में बीती रात से हो रही मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी. देर रात्रि रुमसी गांव के ऊपर बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे बेडुबगड़ क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ. बादल फटनृ से आवासीय भवनों में मलबा घुस गया और आधा दर्जन से अधिक वाहन मलबे में दब गए.स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह 8 बजे तक भी कोई रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई. हालांकि जनहानि की कोई सूचना नहीं है, लेकिन कई परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा. प्रशासन ने नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया।




