जयपुर: हाथापाई के दौरान शख्स के शॉल से गिरा ‘टाइम बम’
अलवर के विवेकानंद नगर स्थित सेक्टर-4 में सोमवार सुबह एक घर के बाहर बमनुमा संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया. खास बात यह है कि इस वस्तु में एक टाइमर चल रहा था, जिसे देखते ही पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके को खाली करा लिया और संदिग्ध वस्तु को शहर से दूर जयसमंद बांध के निर्जन इलाके में ले जाया गया.घटना की पृष्ठभूमि बेहद चौंकाने वाली है. दरअसल स्थानीय निवासी बाबू सिंह के अनुसार, सुबह एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति उनके घर के पास आया था. बाबू सिंह और उनकी पत्नी के साथ उस व्यक्ति की हाथापाई हुई. संघर्ष के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की शॉल में से यह बमनुमा वस्तु नीचे गिर गई, जिसके बाद वह व्यक्ति मौके से फरार हो गया.




