बिग बॉस में एंट्री के नाम पर डॉक्टर से ठगी !
Madhya Pradesh की राजधानी भोपाल के मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर अभिनीत गुप्ता के साथ एक शख्स ने फेमस टीवी शो बिग बॉस में एंट्री के नाम पर 10 लाख रूपये की धोखाधड़ी कर दी. डॉक्टर की शिकायत पर चूना भट्टी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गयी है.चूनाभट्टी थाना पुलिस के मुताबिक राजधानी के महशूर पॉइज़न स्किन क्लिनिक के डॉक्टर अभिनीत गुप्ता ने लिखित शिकायत दी थी कि साल 2022 में उनके एक जान पहचान के शख्स करण सिंह ने उनसे कहा था कि वो इवेंट डायरेक्टर है और उसके कई प्रोडक्शन हाउस में अच्छी पहचान है और वो उन्हें बिग बॉस शो में बैकडोर एंट्री दिला सकता है. डॉक्टर अभिनीत गुप्ता ने करण पर भरोसा कर उसे 10 लाख रूपये दे दिए. इसके बाद जब बिग बॉस के प्रतिभागियों का नाम अनाउंस हुआ तो उसमें डॉक्टर अभिनीत का नाम नहीं था. इसके बाद जब उन्होंने करण से बात की तो पहले उसने बहाना बनाया कि शो में उनकी एंट्री बैकडोर से होगी लेकिन लंबे समय तक जब ऐसा नहीं हुआ तो डॉक्टर अभिनीत गुप्ता ने करण से अपने 10 लाख रूपये वापस मांगे. इसपर वो आनाकानी करने लगा.कुछ समय पहले करण सिंह ने अभिनीत गुप्ता के फोन उठाने भी बंद कर दिए और अब फोन स्विचड ऑफ कर लिया है. इसके बाद डॉक्टर अभिनीत चूनाभट्टी थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी जिसके बाद धारा 420 के तहत करण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गयी है.




