‘उनके धर्म को सजा दे रहे?’ बांग्लादेशी क्रिकेटर रहमान के बचाव में उतरे शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उस फैसले की कड़ी आलोचना की है, जिसमें बोर्ड ने आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया. दरअसल, बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के बाद केकेआर की टीम में मुस्ताफिजुर को शामिल किए जाने पर सवाल उठने लगे थे. सोशल मीडिया पर लोग केकेआर के सह मालिक शाहरुख खान, बीसीसीआई और आईपीएल टूर्नामेंट पर सवाल उठा रहे थे.हालांकि, शशि थरूर ने इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि किसी क्रिकेटर को उसके देश की राजनीतिक स्थिति के कारण सजा देना गलत है. कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी असहमति जताते हुए सवाल किया कि अगर यह खिलाड़ी किसी दूसरे धर्म से होता, तो क्या बीसीसीआई इसी तरह का फैसला लेता.थरूर ने लिखा, ‘इस विषय पर अपने पुराने विचारों को दोहराते हुए कह रहा हूं. अब जबकि बीसीसीआई ने निंदनीय तरीके से मुस्ताफिजुर रहमान को बाहर कर दिया है. और अगर बांग्लादेश का वह खिलाड़ी लिटन दास या सौम्य सरकार होता तो? हम यहां किसे सजा दे रहे हैं. एक देश को, एक व्यक्ति को या उसके धर्म को ? खेल का यह बेतुका राजनीतिकरण हमें कहां ले जाएगा?’




