इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में मिला खौफनाक मैसेज, लखनऊ में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
रविवार की सुबह जब इंडिगो की एक प्लाइट ने उड़ान भरी तो यह किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि बीच सफर में ही मौत का साया मंडराने लगेगा. दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 में तब अफरा-तफरी मच गई जब क्रू को विमान के टॉयलेट में एक छोटा सा टिशू पेपर मिला. उस कागज के टुकड़े पर मात्र तीन शब्द लिखा था Bomb on Board. इन मैसेज ने न केवल पायलटों के होश उड़ा दिए बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर डाल दिया. विमान में मौजूद 222 यात्रियों की जान दांव पर थी. खतरे को देखते हुए फ्लाइट को तुरंत डायवर्ट कर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.इस फ्लाइट में कुल 222 यात्री, 8 बच्चे और क्रू के 7 मेंबर सवार थे. जो पूरी तरह से सेफ हैं. लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड पूरे विमान की तलाशी ले रहे हैं.लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने भी कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य और कंट्रोल में है. मामले में आगे की जांच जारी है. इस घटना के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा. सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि बम की सूचना देने वाले की तलाश की जा रही है. विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. जल्द ही झूठी सूचना देने वाले को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.




