सोना-चांदी की कीमत में भारी उछाल ! सोना ₹1.41 लाख के पार, चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
दुनिया भर के बाजारों में जोरदार तेजी के बाद सोमवार को राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 15,000 रुपए उछलकर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम के अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई. वहीं सोना 1,44,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड पर रहा. सोना चांदी की कीमत में बीते कुछ महीनों से लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. हालांकि ज्यादातर मौकों पर कीमत बढ़ी ही हैं. अब तो चर्चा ऐसी भी होनी शुरू हो गई है कि क्या चांदी की कीमत 3 लाख के पार चली जाएगी. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 15,000 रुपये यानी छह प्रतिशत बढ़कर 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) के नए शिखर पर पहुंच गई. पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.इसके अलावा, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,900 रुपये यानी 2.05 प्रतिशत बढ़कर 1,44,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. शुक्रवार को यह 1,41,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.




