बिहार के जमुई में बड़ा हादसा सीमेंट से लदी मालगाड़ी के 12 डिब्बे बेपटरी, 3 नदी में गिरे
दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग के आसनसोल रेल डिवीजन में जमुई जिले के टेलवा बाजार हॉल्ट के पास शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया. जसीडीह से झाझा की ओर जा रही सीमेंट से लदी मालगाड़ी के डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. इस दुर्घटना में मालगाड़ी के लगभग एक दर्जन डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से तीन डिब्बे बरुआ नदी के पुल से नीचे गिर गए. जबकि कई अन्य डिब्बे एक-दूसरे पर चढ गए हैं.राहत की बात ये है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है. हालांकि, रात का समय और घने कोहरे के कारण बचाव कार्य में देरी हो रही है, क्योंकि उच्च अधिकारी अभी तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं.




