यूपी सरकार की नई पहल अब स्कूलों में प्रार्थना के बाद बच्चों को पढ़ाए जाएंगे अखबार-मैगजीन
उत्तर प्रदेश में बच्चों में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया की बढ़ती लत को देखते हुए सरकार ने एक अहम और सराहनीय कदम उठाया है। माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव ने शासनादेश जारी कर सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षकों और मंडलीय शिक्षा निदेशकों को स्कूलों में पठन-पाठन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार, स्कूलों में रोज़ाना अखबार और मैगजीन पढ़ने की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही पाठ्यक्रम से अलग किताबें पढ़ना भी अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करना, पढ़ने की आदत विकसित करना और उनके बौद्धिक व वैचारिक विकास को मजबूत करना है। इसके तहत प्रत्येक छात्र को सप्ताह में पुस्तकालय से एक हिंदी और एक अंग्रेज़ी पुस्तक जारी करना अनिवार्य किया गया है.




