बाइक-टैक्सी भूल जाएं, दिल्ली- NCR में दौड़ेगी ओला-उबर की बसें, बैठक में CM रेखा गुप्ता ने की चर्चा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को एक अहम बैठक में ओला और उबर के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में उनकी निजी बस सेवाएं चलाने की संभावना पर चर्चा की. इसका मकसद राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक जाम और उससे होने वाले प्रदूषण को कम करना बताया गया है. बैठक में बताया गया कि दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग रोज़ाना टैक्सी या निजी वाहनों के ज़रिये दिल्ली के दफ्तरों तक पहुंचते हैं. इससे सड़कों पर दबाव बढ़ता है और प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच जाता है.सरकार का मानना है कि अगर ओला-उबर जैसी कंपनियां निजी बस सेवाएं शुरू करती हैं, तो लोग साझा परिवहन की ओर आकर्षित होंगे और सड़कों पर वाहनों की संख्या घटेगी. इसके अलावा बैठक में पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण) सर्टिफिकेट को लेकर भी सख्त रुख अपनाने पर ज़ोर दिया गया. सरकार ने साफ किया कि जिन वाहनों के पास पीयूसी सर्टिफिकेट नहीं होगा, उन पर सीधे ₹10,000 का चालान काटा जाएगा, अभी तक आमतौर पर ऐसे मामलों में लोग लोक अदालत के ज़रिये ₹100 में चालान माफ करवा लेते थे, जिससे पीयूसी बनवाने की गंभीरता खत्म हो जाती थी. सरकार का कहना है कि इस सख्ती का उद्देश्य लोगों को अनिवार्य रूप से पीयूसी सर्टिफिकेट बनवाने के लिए प्रेरित करना और दिल्ली में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना है.




