हरियाणाः स्कूल बस और ट्रक की भीषण टक्कर, एक छात्रा की मौके पर ही मौत; 18 घायल
हरियाणा के चरखी दादरी जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्कूल बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कूल बस के परखच्चे उड गए।
इस दुर्घटना में 11वीं कक्षा की छात्रा इशिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 स्कूली छात्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में तीन शिक्षक, रोडवेज बस चालक, स्कूल बस का चालक और कंडक्टर भी घायल हुए हैं।बताया जा रहा है कि आर्यन स्कूल की बस बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर प्रतापगढ़ ले जा रही थी। इसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया। टक्कर के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को पास के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।




