सिर पर गेंद लगने से 17 साल के ऑस्ट्रेलियाई क्लब क्रिकेटर बेन ऑस्टिन की मौत, क्रिकेट जगत में शोक की लहर
ऑस्ट्रेलिया में एक युवा क्रिकेटर की सिर पर गेंद लगने से अचानक मौत हो गई है. इस क्रिकेटर को मेलबर्न में एक टी20 मैच के लिए वार्मअप करते समय मंगलवार को सिर पर गेंद लग गई. हादसे के बाद इस क्रिकेटर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. यह घटना फर्नट्री गली के वॉली ट्यू रिजर्व में हुई, जिससे मैदान में मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए. इस युवा क्रिकेटर की मौत से क्रिकेट जगत में अचानक शोक की लहर फैल गई है. 17 वर्षीय बेन ऑस्टिन मंगलवार को फर्नट्री गली में क्रिकेट नेट पर अभ्यास कर रहे थे, तभी एक स्वचालित बॉलिंग मशीन से निकली गेंद उनके सिर या गर्दन पर लग गई. ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था. स्थानीय समयानुसार शाम 6:00 बजे (06:00 GMT) से कुछ पहले इस क्रिकेटर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया.हालांकि बुधवार को उसकी मौत हो गई. फर्नट्री गली क्रिकेट क्लब ने कहा कि वह अपने इस खिलाड़ी के दुखद निधन से बेहद स्तब्ध है और इस युवा की मौत का हमारे क्रिकेट समुदाय में सभी को गहरा दुख है. फ ट्री गली क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष आर्मी वाल्टर्स ने कहा, ‘बेन प्रतिभाशाली क्रिकेटर थे. मुझे पता है कि यह खबर हमारे समुदाय पर कितनी गहरी छाप छोड़ेगी और हम अपने क्लबों और क्रिकेट परिवार को हर संभव मदद प्रदान करेंगे।




