अमेरिका में शटडाउन से बुरे हाल, वेतन को तरसे 13 लाख सैनिक, सरकारी कर्मचारियों का निकला रोना
अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से शटडाउन जारी है, जिसके चलते सेना को वेतन नहीं मिल पा रहा है और लोगों के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है. सरकारी कर्मचारियों को तनख्वाह न मिलने के कारण देश में एयरपोर्ट्स सेवाओं में भी मुश्किलें आ रही हैं, हालांकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का कहना है कि इस हफ्ते के अंत तक सैन्यकर्मियों को वेतन मिल जाएगा. उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शटडाउन को लेकर कहा, ‘ हमें लगता है कि हम सैनिकों को वेतन देना जारी रख सकते हैं. कम से कम अभी के लिए. हम जितना हो सके ज्यादा से ज्यादा लाभ जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमें बस डेमोक्रेट्स की मदद की जरूरत है.’ बता दें कि सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी को अस्थायी धन का इस्तेमाल करने के लिए डेमोक्रेट्स के समर्थन की जरूरत है, हालांकि 1 महीने बीत जाने के बावजूद पार्टी का विपक्ष से गतिरोध समाप्त नहीं हो पाया है.




