आगरा: इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटी, बुजुर्ग दंपत्ति की मौत
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जगदीशपुरा के लक्ष्मीनगर इलाके में घर पर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी अचानक फट गई। धमाके के बाद आग इतनी तेज़ी से फैली कि पूरा घर लपटों में घिर गया। इस हादसे में घर के निचले फ्लोर पर सो रहे 90 वर्षीय भगवती प्रसाद और उनकी 85 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी जिंदा जल गए। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद भगवती प्रसाद ने अपनी पोती काकुल को किसी तरह बाहर भेज दिया, लेकिन खुद और पत्नी आग की चपेट में आ गए। परिवार ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी भीषण थीं कि कोई नीचे नहीं उतर पाया। पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, बुजुर्ग दंपत्ति की जान जा चुकी थी। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।




