स्थानीय मुद्रा में व्यापार करने के लिए कदम उठाएंगे… मॉरीशस पीएम से मुलाकात के बाद पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच चुके हैं. जहां वो मॉरीशस के अपने समकक्ष नवीन रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम अपने तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार शाम वाराणसी पहुंचे हैं. लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने उनकी अगवानी की. उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा ” मॉरीशस हमारे संस्कृति और दिल के अत्यंत करीब है. वहां के प्रधानमंत्री के वाराणसी आने से दोनों देशों के रिश्ते और प्रगाढ होंगे.” दयालु ने कहा कि मॉरीशस के भारतवंशी आज भी खुद को धर्म और अध्यात्म से जोड़े हुए है तथा मॉरीशस के लोगों ने यहां से गंगा जल ले जा कर वहां गंगा तालाब बनाया है।




