सेना के जवान से मारपीट के बाद बदला टोल कर्मियों का बर्ताव, अब कर रहे जवानों को सैल्यूट, देखें वीडियो
अक्सर टोल प्लाजा पर मारपीट और हुड़दंग की कई खबरें सामने आती रहती हैं लेकिन बीते दिनों मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान के साथ हुई मारपीट ने तो मानो सबको हिलाकर रख दिया. इस घटना को लेकर हर किसी में आक्रोश दिखाई दिया. लोगों ने इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद टोल कर्मियो के साथ ही टोल एजेंसी पर जो कार्रवाई हुई, वह एक नजीर बन गई. इस घटना का असर मेरठ के अन्य टोल प्लाजाओं पर अब इसका असर साफ दिखाई दे रहा है.
दरअसल, भूनी टोल प्लाजा पर हुई घटना के बाद बुधवार को मेरठ दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर सेना के सम्मान का एक दिल छू लेने वाला नजारा देखने को मिला. टोल से गुजरने वाले हर सैन्य वाहन को टोलकर्मियों ने सैल्यूट करके उनका सम्मान किया. काशी टोल प्लाजा ही नहीं बल्कि मेरठ के अन्य टोल प्लाजाओं पर भी सेना के जवानों के प्रति इसी तरह का सम्मान देखने को मिला. टोल कर्मियों की इस पहल ने यात्रियों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा और लोग उनकी इस पहल की तारीफ कर रहे हैं.




