पश्चिम बंगाल: तैराक बुला चौधरी के घर 5वीं बार चोरी! पद्मश्री, राष्ट्रपति से मिला पुरस्कार भी गायब
पश्चिम बंगाल के हुगली में भारत की मशहूर तैराक और पद्मश्री सम्मानित बुला चौधरी के पैतृक घर में चोरों ने धावा बोलते हुए उनके पद्मश्री पुरस्कार, राष्ट्रपति पुरस्कार, कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक सहित विदेशी पुरस्कार चुरा लिए. घटना देबाइपुकुर, हिंदमोटर क्षेत्र में स्थित उनके पुश्तैनी आवास की है, जहां यह चौथी बार चोरी की वारदात हुई है.
जानकारी के मुताबिक, चोर पिछला दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और पुरस्कारों के साथ-साथ कई घरेलू सामान भी चोरी कर ले गए. हैरानी की बात है कि चोरों ने बाथरूम के बेसिन का नल और लक्ष्मी घाट तक उखाड़ लिया. चोरी के दौरान घर के कई सामान क्षतिग्रस्त भी हुए. बता दें कि बुला चौधरी इन दिनों कोलकाता में अपने परिवार के साथ रहती हैं और समय-समय पर अपने पैतृक घर आती है।




