बेबस रह गई मां… 12वीं मंजिल से गिरकर 4 साल की बच्ची की मौत
महाराष्ट्र के पालघर के वसई इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें एक चार साल की मासूम बच्ची की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. यह हादसा 22 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे का है, जिसकी जानकारी शुक्रवार को पुलिस ने दी. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि, बच्ची अपनी मां के साथ एक रिश्तेदार के घर आई थी. जब दोनों लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी मां ने बच्ची को कुछ देर के लिए खिड़की के पास रखे शू-रैक पर बैठा दिया और खुद किसी अन्य काम में व्यस्त हो गई. इस दौरान बच्ची थोड़ी हिली और खुली खिड़की से नीचे गिर गई. दुर्भाग्यवश, खिड़की में सुरक्षा ग्रिल नहीं लगी थी, जिससे बच्ची का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नीचे जा गिरी।




