‘कब माफी मांगोगे लालू-तेजस्वी’ पटना के चौराहों पर लगे पोस्टर; जानें क्या है पूरा मामला

भारतीय जनता पार्टी लालू प्रसाद यादव को अपने निशाने पर लिए हुए है। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए बीजेपी ने पटना के चौक-चौराहों पर लालू के पोस्टर लगा दिए हैं। लालू एवं तेजस्वी यादव से माफी मांगने की मांग की गई है। पोस्टर में आरजेडी सुप्रीमो की वह तस्वीर भी है, जिसे वायरल कर एनडीए के नेता उनपर आंबेडकर के अपमान का आरोप लगा रहे हैं।
बीजेपी द्वारा पटना की सड़कों पर मंगलवार को लगाए गए पोस्टर में लिखा है, ‘7 दिन होने को हैं, कब माफी मांगोगे लालू-तेजस्वी’। इस पोस्टर में आरजेडी को दलित विरोधी पार्टी करार दिया गया है। बताया जा रहा है कि ये पोस्टर पटना की सड़कों पर बीजेपी के द्वारा लगाए गए हैं। हालांकि, इनमें कहीं पर भी भारतीय जनता पार्टी का नाम नहीं लिखा गया है, ना ही किसी नेता ने पुष्टि की है।




